रविदासिया धर्म एक सोच : - श्रीमान केशव ढांडा, वियाना आस्ट्रिया, यूरोप,ग्लोबल रविदासिया वेलफेयर फाउंडेशन के चेयरमैन ।

श्रीमान केशव कुमार ढांडा जी

संस्थापक एवं अंतर्राष्ट्रीय चेयरमैन
ग्लोबल रविदासिया वेलफेयर फाउंडेशन यूरोप

श्रीमान केशव कुमार ढांडा जी, वियना (ऑस्ट्रिया) निवासी, ग्लोबल रविदासिया वेलफेयर फाउंडेशन यूरोप के चेयरमैन हैं। उनको ग्लोबल रविदासिया वेलफेयर फाउंडेशन के माध्यम से सतगुरु रविदास महाराज जी की पावन अमृतवाणी के प्रचार-प्रसार की जिम्मेवारी दी गई है ।

ढांडा जी विशेष रूप से शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक उत्थान के क्षेत्रों में पिछड़े एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए समर्पित हैं। उनकी समाजसेवा और समर्पण भावना लाखों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

Mr. Keshav Kumar Dhanda

Mr. Keshav Kumar Dhanda
Chairman
Global Ravidassia Welfare Foundation Europe

प्रारंभिक जीवन

श्रीमान केशव कुमार ढांडा जी का जन्म 20 अक्टूबर 1968 को जालंधर के बूटा मंडी क्षेत्र में हुआ। उनका परिवार बचपन से ही सतगुरु रविदास महाराज जी की वाणी और धार्मिक परंपराओं से जुड़ा रहा है।

ढांडा जी बताते हैं कि बचपन में जब भी प्रभात फेरियाँ निकाली जाती थीं, तो वे सबसे आगे झंडा लेकर चलते थे।

आज जालंधर के बूटा मंडी में स्थित सतगुरु रविदास महाराज जी का प्रसिद्ध धाम पूरे विश्व में श्रद्धा का केंद्र है। इस गुरु घर के निर्माण में उनके परिवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वर्ष 1990 में उनके परिवार ने लगभग 60 लाख रुपये की सहायता देकर धाम के लिए भूमि खरीदने में सहयोग किया।

विदेश यात्रा और संघर्ष

बेहतर जीवन और रोजगार की तलाश में वर्ष 1987 में श्रीमान ढांडा जी यूरोप चले गए। वहाँ उन्होंने कठिन परिश्रम और लगन से कार्य किया तथा कुछ ही समय में अपने व्यवसाय में सफलता प्राप्त कर स्वयं का कारोबार स्थापित किया।

वर्ष 1991 में उनका विवाह जालंधर निवासी श्रीमती कमलेश जी के साथ हुआ। दोनों ने मिलकर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाया और अनेक संघर्षों के बाद विदेश में एक सफल कारोबारी के रूप में पहचान बनाई।

उनके दो बच्चे हैं, जो आज वियना में उच्च पदों पर कार्यरत हैं और अपने माता-पिता की तरह सेवा भावना रखते हैं।

संतों एवं समाज के प्रति समर्पण

विदेश में रहते हुए भी ढांडा जी सदैव अपने मिशन और समाज सेवा से जुड़े रहे। पंजाब और जालंधर के संत-महापुरुषों के साथ उनका विशेष प्रेम और सम्मान का संबंध रहा है।

जब भी वे भारत आते, समाज की स्थिति और उत्थान को लेकर संतों के साथ विचार-विमर्श करते थे।

कौम के अमर शहीद संत रामानंद जी महाराज तथा श्री 108 संत निरंजन दास जी महाराज जब भी विदेश यात्रा पर जाते थे, तो अक्सर ढांडा जी के यहाँ ही विश्राम करते और आगे के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करते थे।

वियना की दुखद घटना

ऑस्ट्रिया के वियना में संतों पर हुए हमले की घटना को याद करते हुए ढांडा जी आज भी भावुक हो जाते हैं। उस समय वे घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर थे, लेकिन अपने संतों की रक्षा के लिए कुछ न कर पाने का दर्द आज भी उनके हृदय में है।

इस दुखद घटना के बाद उन्होंने समाज और मिशन के कार्यों को और अधिक गति दी।

रविदासिया धर्म के प्रचार हेतु समर्पण

जनवरी 2010 में रविदासिया धर्म की घोषणा के बाद उन्होंने अपने जीवन को पूरी तरह सतगुरु रविदास महाराज जी की अमृतवाणी और रविदासिया धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए समर्पित कर दिया।

वर्ष 2015 में उन्हें बिहार, पश्चिम बंगाल और नेपाल में सतगुरु रविदास महाराज जी के अनुयायियों से मिलने का अवसर मिला। वहाँ समाज की स्थिति देखकर वे अत्यंत भावुक हुए और समाज के उत्थान के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।

तब से वे हर वर्ष यूरोप में अपना कारोबार कुछ समय के लिए छोड़कर सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी में सतगुरु रविदास महाराज जी के प्रकाश पर्व में शामिल होते हैं।

ग्लोबल रविदासिया वेलफेयर फाउंडेशन की स्थापना

वर्ष 2021 में यूरोप के 28 देशों के 40 से अधिक गुरु घरों के सहयोग से “ग्लोबल रविदासिया वेलफेयर फाउंडेशन यूरोप” की स्थापना की जिसमें श्रीमान केशव कुमार जी को चेयरमैन की भूमिका दी गई ।

आज यह संगठन विश्वभर में रविदासिया समाज, पिछड़े वर्गों और जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए कार्य कर रहा है तथा सतगुरु रविदास महाराज जी की महान विचारधारा का प्रचार कर रहा है।

सतगुरु रविदास महाराज जी की वाणी

ऐसा चाहूँ राज मैं, जहाँ मिलै सबन को अन्न।
छोट-बड़ो सभ सम बसैं, रविदास रहैं प्रसन्न॥

सम्मान एवं उपलब्धियाँ

वर्ष 2023 में डेरा स्वामी जगत गिरी जी महाराज, पठानकोट तथा महान संत स्वामी गुरदीप गिरी जी महाराज द्वारा श्रीमान केशव कुमार ढांडा जी को उनके उत्कृष्ट समाजसेवी कार्यों के लिए गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया गया।

लेखक की भावना

दास शेर सिंह रविदासिया (अम्बाला) को 2021 से श्रीमान केशव कुमार ढांडा जी के साथ समाज सेवा करने का अवसर प्राप्त हुआ है। इस दौरान उनसे बहुत कुछ सीखने को मिला।

जो भी ग्लोबल के सदस्यों से मिलता है निस्वार्थ सेवा भावना से प्रभावित हुए बिना नहीं रहता। ग्लोबल रविदासिया की पूरी टीम पूर्ण समर्पण के साथ समाज के उत्थान के लिए निरंतर कार्यरत है।

शेर सिंह रविदासिया, अम्बाला
प्रधान भारत
ग्लोबल रविदासिया वेलफेयर फाउंडेशन यूरोप और भारत

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ